आगरा । गणतंत्र दिवस के दिन कासगंज में हुई साम्प्रदायिक हिंसा के बाद आरोपियों की धर पकड़ जारी है। कुछ आरोपी पुलिस की पकड़ में आ चुके है जबकि कुछ अभी फ़रार है। हालाँकि अब कासगंज की स्थिति नियंत्रण में है लेकिन हिंदू संगठन वीएचपी इस मामले को छोड़ने के लिए तैयार नही है। इसलिए इस मुद्दे को और गर्माने के लिए वीएचपी आगरा और फ़िरोज़ाबाद में भी तिरंगा यात्रा का आयोजन कर रही है।
तिरंगा यात्रा को देखते हुए ज़िला प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया है। बताया जा रहा है की आगरा के क़रीब 40 ब्लाक में यह यात्रा निकाली जाएगी। हालाँकि अब इस यात्रा को निकालने का क्या मक़सद है, इस बारे में स्थिति स्पष्ट नही हुई है। उधर राज बब्बर के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधि मंडल आज कासगंज जाना चाहता था लेकिन प्रशासन ने इसकी इजाज़त नही दी।
इसके बाद कांग्रेस ने मोदी और योगी सरकार के ख़िलाफ़ अलीगढ़ में प्रदर्शन किया। इसी बीच कासगंज हिंसा से जुडा एक विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ लोग तिरंगा झंडे के साथ हथियार लिए हुए है। बताया जा रहा है की यह गणतंत्र दिवस के दिन का विडियो है। इस दिन कुछ हिंदू युवक हथियार लिए मुस्लिम मोहल्ले की तरफ़ जा रहा है। यह विडियो स्थानीय तहसील की छत से शूट किया गया है।
फ़िलहाल पुलिस विडियो की जाँच कर रही है। मालूम हो कि गणतंत्र दिवस के दिन कासगंज में वीएचपी और एबीवीपी के कार्यकर्ता ने तिरंगा यात्रा निकाली। जिसके बाद वहाँ साम्प्रदायिक हिंसा भड़क गयी जिसमें एक व्यक्ति चंदन गुप्ता की मौत हो गयी। जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। चंदन की हत्या के आरोप में वसीम, नसीम और कासिम को नामज़द किया गया है।
Vishwa Hindu Parishad takes out ‘Tiranga Yatra’ in #Agra pic.twitter.com/dJMKI31L3K
— ANI UP (@ANINewsUP) January 31, 2018